Sun. May 31st, 2026
IMG_20260529_200610

 

 

अजमेर, 29 मई। स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को वरूण सागर रोड स्थित चामुण्डा चौराहा पर नव सम्मिलित कॉलोनियों में घर-घर कचरा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था के शुभारंभ अवसर पर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

  

 इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने स्वयं श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह एवं जनभागीदारी देखने को मिली।

 

  विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण से लेकर शहरों में घर-घर कचरा संग्रहण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से स्वच्छता और स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध स्थापित करते हुए प्रत्येक नागरिक को उसके सामाजिक दायित्व का बोध कराया गया है।

 

 उन्होंने कहा कि परिसीमन के पश्चात ग्राम पंचायत क्षेत्र से नगर निगम सीमा में सम्मिलित हुई कॉलोनियों में भी अब निगम क्षेत्र के अनुरूप नियमित सफाई व्यवस्था एवं घर-घर कचरा संग्रहण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे क्षेत्रवासियों को गंदगी से राहत मिलेगी तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण का लाभ प्राप्त होगा।

 

 इस अभियान के अंतर्गत कीर्ति नगर, जगदंबा कॉलोनी, रावत नगर, राज कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, काजीपुरा, हाथीखेड़ा, बोराज सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति एवं कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

 

 इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी श्री रमेश चौधरी, स्वास्थ्य निरीक्षक श्री मनीष शर्मा, श्री सुरेश तथा अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *