अजमेर, 26 जून। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने शुक्रवार को नसीराबाद की ग्राम पंचायत लोहरवाडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया तथा शिविर का फीडबैक लिया।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जा रहे है। इन शिविरों में आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राज्य सरकार की मंशा के अनुरुप प्रत्येक पात्र को लाभांवित करें। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि किसान अपनी कुल भूमि में से 10 प्रतिशत पर जैविक खेती करें। इसका पंजीयन कृषि विभाग में कराएं जिससे उन्हें विपणन में सुविधा हो।
ग्रामीण सेवा शिविर में जिला कलक्टर ने शिविर के दौरान तैयार किए गए दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। शिविर में बेटी जन्मोत्सव मनाया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। पालनहार योजना के लाभार्थियों के सम्पर्क में रहकर सत्यापन करावें। क्षेत्र के समस्त दिव्यांगों के प्रमाण पत्र बनने चाहिए। इसी प्रकार कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की भी जाँच कराई जाए। बच्चों के उपचार तथा पोषण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने शिविर में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। सम्पर्क पोर्टल के असंतुष्ट प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए प्री-कैम्प गतिविधि आवश्यक रूप से सम्पादित करें। इस दौरान अधिकतम कार्यों को चिह्नित कर कैम्प दिवस को निस्तारित करने का प्रयास होना चाहिए। शेष रहे कार्यों के लिए फॉलोअप कैम्प लगाएं।