अजमेर, 18 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को रेडक्रॉस सोसायटी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मद से 11.82 लाख रुपये की लागत से क्रय की गई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस एम्बुलेंस के माध्यम से गरीब एवं असहाय मरीजों को न्यूनतम दर पर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सोसायटी की ओर से एम्बुलेंस की आवश्यकता के संबंध में अनुरोध किया गया था। इस पर विधायक मद से 11.82 लाख रुपये की लागत से एम्बुलेंस क्रय कर सोसायटी को सौंपी गई है। इसका क्रय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के माध्यम से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस जरूरतमंद मरीजों को सुलभ एवं किफायती चिकित्सा परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में उपयोगी सिद्ध होगी।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जेएलएन अस्पताल में 18 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधा शुरू की गई है, जिससे जटिल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे हैं। उत्तर क्षेत्र स्थित सैटेलाइट अस्पताल में भी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जहां प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जेएलएन अस्पताल में लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इससे मरीजों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभी डिस्पेंसरियों में एक्स-रे सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में लेपर्ड सफारी, झीलों का विकास, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर तथा नए खेल स्टेडियम सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के कार्य करवाए जा रहे हैं। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 270 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, जिलाध्यक्ष श्री रमेश सोनी, संयुक्त निदेशक डॉ. सम्पत सिंह जोधा, जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, रेडक्रॉस सोसायटी के श्री सोम रत्न आर्य, मंडल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा, श्री सीताराम शर्मा सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं आमजन उपस्थित रहे।