अजमेर। अजमेर नगर निगम के अस्थायी सफाई कर्मचारियों की 12 दिन से चल रही हड़ताल प्रशासन के साथ लिखित समझौते के बाद समाप्त हो गई है! मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर गए करीब 2,250 कर्मचारी अब काम पर लौट चुके हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सुचारू हो गई है। कर्मचारियों और निगम प्रशासन के बीच हुई वार्ता में सभी की सहमति से अस्थायी कर्मचारियों का मासिक मानदेय ₹7,700 से बढ़ाकर ₹8,900 कर दिया गया है। मानदेय के अलावा ईएसआई (ESI), पीएफ (PF) और परिवार बीमा सहित अन्य मांगों पर भी प्रशासन और यूनियन के बीच लिखित सहमति बनी है। हड़ताल लंबी खिंचने के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे, जिसे हटाने के लिए निगम द्वारा युद्ध स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया गया है।