Tue. Oct 20th, 2026
IMG_20260526_180758

 

 

अजमेर, 26 मई। जिला हैंडबॉल संघ अजमेर के तत्वावधान में आयोजित 31वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को पटेल स्टेडियम में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 मई तक किया गया, जिसमें प्रदेशभर से विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भड़ाना के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।

 

  मुख्य अतिथि श्री ओम प्रकाश भड़ाना ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का ही नहीं बल्कि अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच का भी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर परिश्रम करने, माता-पिता एवं गुरुओं का सम्मान करने तथा समाज में अच्छे संस्कारों एवं श्रेष्ठ आचरण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

 उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं शैक्षणिक संस्थानों द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय द्वारा ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी हैंडबॉल प्रतियोगिता एवं वेस्ट जोन यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के आयोजन तथा विश्वविद्यालय में बीपीएडी एवं एमपीएडी पाठ्यक्रम प्रारंभ करवाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं मंच उपलब्ध होंगे।

 

  प्रतियोगिता सचिव श्री प्रवीण यादव ने बताया कि छात्र वर्ग में श्रीगंगानगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीकानेर की टीम द्वितीय तथा जयपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। वहीं छात्रा वर्ग में भी श्रीगंगानगर की टीम विजेता बनी, जबकि भीलवाड़ा ने द्वितीय एवं जयपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं टीमवर्क का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए।

 

  समारोह में श्री सुनील कुमार गुप्ता, श्री प्रियदीप खंगारोत एवं श्री चंद्रकांत सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में सेवाएं देने वाले ऑफिशियल्स, विभिन्न जिलों से आए कोच, मैनेजर, जिला सचिव एवं जिला अध्यक्षों का भी अभिनंदन किया गया।

 

 प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला हैंडबॉल संघ अजमेर की आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति में श्री चंद्रकांत सैनी अध्यक्ष, श्री अरविंद यादव उपाध्यक्ष, श्री प्रवीण यादव सचिव, श्री हिमांशु हटवाल कोषाध्यक्ष, श्री अनिल महावर संयुक्त सचिव, श्री गौरव झाला सदस्य एवं श्री सचिन राठौड़ सदस्य के रूप में सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *