अजमेर शहर। अजमेर दक्षिण विधायक एंव पहल जन संस्थान, अजमेर की संरक्षक अनिता भदेल द्वारा सोमवार को प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए अवगत कराया कि अजमेर शहर की शैक्षणिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘‘पहल जन सेवा संस्थान-अजमेर’’ द्वारा इस वर्ष भी भव्य 5 वां ‘‘विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026‘‘ का आयोजन किया जाएगा।
विधायक भदेल एवं संस्थान की संरक्षक ने बताया कि ‘‘पहल जन सेवा संस्थान’’ एक सामाजिक एवं गैर-राजनैतिक संस्था है, जो विगत कई वर्षों से समाजसेवा, धार्मिक गतिविधियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी, सामाजिक सरोकारों के कार्यों के माध्यम से निरंतर जनहित में सक्रिय है। संस्था द्वारा विगत कई वर्षो से शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी अजमेर शहर के समस्त राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के उन मेघावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की है। यह सम्मान समारोह रविवार, 31 मई 2026 को जवाहर रंगमंच, अजमेर में दोपहर 3.30 बजें से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
विधायक भदेल ने कहा कि संस्था द्वारा अब तक अनेक जनहितकारी कार्य किए गए हैं। इनमें “ग्रीन अजमेर, क्लीन अजमेर” अभियान के तहत शहर में लगभग 20 हजार पौधों का रोपण, लगभग 50 चिकित्सा एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर आमजन को लाभान्वित करना, ग्रीष्मकाल में पशु-पक्षियों के लिए परिंडे एवं पानी की टंकियों का वितरण, स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत रोडवेज बसो में कचरा पात्रो का वितरण, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतिभावान महिलाओं का सम्मान तथा स्किल डेवलपमेंट शिविरों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित करना प्रमुख रूप से शामिल है। पोस्ट ऑफिस एवं बैंक द्वारा जनहित में संचालित केन्द्रीय व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को शिविर के माध्यम से क्षेत्रवासियों तक पहुंचाना तथा इच्छुक व्यक्ति के मौके पर ही खाते खुलवाकर उन्हें लाभान्वित करना।
*इस वर्ष 510 प्रतिभाशाली विद्यार्थियो का किया जायेगा सम्मान- भदेल*
पहल जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष नितेश आत्रे ने बताया कि विगत वर्ष 2025 तक संस्था द्वारा लगभग 2000 विद्यार्थियो को विलक्षण प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इस वर्ष विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह में राजकीय विद्यालय 14 और गैर राजकीय विद्यालय 50 कुल 64 विद्यालयों के कक्षा 12 में तीनो संकाय- कला, वाणिज्य और विज्ञान में 90 प्रतिशत अंक एवं उससे अधिक प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण कुल विद्यार्थियो की संख्या 510 है, जिन्हे इस वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया जायेगा। इस बार राजकीय विद्यालयों से 34 विद्यार्थी सम्मान प्राप्त करने जा रहे है। जो गत वर्ष की तुलना में अधिक है एवं गैर राजकीय विद्यालयो से 476 विद्यार्थी सम्मान प्राप्त करने जा रहे है। यह संख्या भी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
*कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे केन्द्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल- भदेल*
विधायक भदेल द्वारा अवगत करवाया गया कि इस कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान करने एवं विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री माननीय श्रीमान अर्जुनराम मेघवाल जी, नई दिल्ली भारत सरकार का उदबोधन एवं आर्शीवचन प्राप्त होगा।
विधायक भदेल द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से में विद्यार्थियांे, नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अधिकाधिक संख्या में इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में सहभागिता निभाने हेतु आह्वान किया गया। यह समारोह न केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान होगा, बल्कि उन्हें जीवन में और ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी करेगा।