अजमेर, 4 मार्च। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले चेटीजण्ड महोत्सव से पूर्व आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी करें। महोत्सव के दौरान बड़रा जुलूस निकलता है। ऎसे में सड़क, पानी, बिजली, सुरक्षा व अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी की जाएं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि चेटीचण्ड महोत्सव से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। चेटीचण्ड महोत्सव मेला समिति के तत्वावधान में 19, 20 एवं 21 मार्च को चेटीचण्ड महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव सिंधी समाज की आस्था एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी सहभागी होते हैं। कार्यक्रमों में अपेक्षित जनसमूह एवं नगर के प्रमुख मार्गों पर शोभायात्रा को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत, गड्डों की भराई एवं पेचवर्क, मार्ग की सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं आवारा पशुओं को हटाने की कार्यवाही करें। पाइपलाइन लीकेज दुरुस्ती एवं साथ ही इस अवसर पर शहर में नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था कराएं। शोभायात्रा में सम्मिलित वाहनों पर सजी झांकीयों की ऊंचाई प्रायः अधिक होती है, अतः मार्ग से गुजरने वाले नीचे लटकते हुए विद्युत, टेलीफोन एवं केबल तारों को व्यवस्थित करवाएं। वाहन रैली एवं शोभायात्रा के मार्ग पर ट्रेफिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना साथ ही इस अवसर पर कानून व्यवस्था एवं शान्ति व्यवस्था के लिए पुख्ता बंदोबस्त करवाएं। शोभायात्रा के साथ चिकित्सीय टीम की व्यवस्था कराएं। साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्था एवं प्रबंध भी सुनिश्चित करें। उन्होंने इस संबंध में जिला कलक्टर को पत्र भी लिखा है।
श्री देवनानी ने निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के स्तर पर चेटीचण्ड महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन समिति, समाज प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा कराएं। इससे यह महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके।