प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में अजमेर से प्रदेशवासियों को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत के 43 प्रमुख कार्यों एवं परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण की सौगात दी। इसमें लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से तथा करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाएं केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं। इन विभागों में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, ऊर्जा, जल संसाधन, उद्योग, सार्वजनिक निर्माण, नगरीय विकास एवं आवासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमुख हैं।