Wed. Apr 22nd, 2026
IMG_20260422_192025

 

 

जयपुर/ अजमेर, 22 अप्रैल। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ ने परिवहन विभाग द्वारा सूचना सहायकों के कार्य आवंटन को लेकर जारी हालिया आदेश पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष कपिल चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन विभाग आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा (आईएएस) एवं अपर परिवहन आयुक्त ओम प्रकाश बुनकर (आरएएस) के समक्ष अपनी आपत्तियां प्रस्तुत कीं।

 

राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कपिल चौधरी ने विभागीय आदेश में सूचना सहायकों को जनसामान्य से जुड़े कार्यों में अनियमितता का कारण बताए जाने को पूरी तरह निराधार और अस्वीकार्य बताया। संघ के अनुसार सूचना सहायक एवं सहायक प्रोग्रामर पिछले कई वर्षों से विभाग के विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों—वाहन पंजीयन, सारथी, ई-चालान, परमिट आदि—से संबंधित तकनीकी कार्यों का दक्षतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार सूचना सहायकों को केवल तकनीकी कार्य ही आवंटित किए जाने चाहिए, जबकि ऑफलाइन एवं मंत्रालयिक कार्य संबंधित लिपिकीय कर्मचारियों के लिए निर्धारित हैं। वर्तमान आदेश इन स्थापित प्रावधानों के विपरीत है, जिससे कार्यप्रणाली में भ्रम और अनावश्यक विवाद उत्पन्न हो सकता है।

 

उन्होंने बताया कि संघ ने हाल ही में एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर भी आपत्ति जताई, जिसमें सूचना सहायकों की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाए गए थे। संघ ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार की खबरों से आईटी कैडर के कर्मचारियों की छवि धूमिल होती है।

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पूर्व आदेशों के अनुरूप कार्य आवंटन रोस्टर तैयार किया जाए तथा सूचना सहायकों को उनकी तकनीकी योग्यता के अनुसार ही कार्य दिए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके।

 

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन महर्षि, सुरेश सैनी एवं प्रदेश प्रवक्ता दीपेश दूलड़ भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *