Wed. Apr 22nd, 2026
IMG_20260422_195014

 

 

अजमेर, 22 अप्रैल। ग्रामीण रथ अभियान के सम्बन्ध में जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने के निर्देश प्रदान किए गए।

 

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि ग्रामीण रथ अभियान सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत वार लोक कलाकारों एवं कला जत्था के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए। कार्यक्रम में प्रत्येक ग्राम पंचायत में लोक-कलाकारों एवं कला जत्थों के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण रथ अभियान के अन्तर्गत कला जत्थों (कलाकारों) को रथ के रूट चार्ट अनुसार रथ के साथ भ्रमण करा कर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि जिले की नवसृजित ग्राम पंचायतों सहित सभी 234 ग्राम पंचायतों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ग्रामीण रथ अभियान के कार्यक्रम के अनुरूप प्रतिदिन एक कला जत्थे द्वारा 4 से 5 ग्राम पंचायतों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक कला जत्थे में एक ग्रुप लीडर एवं 3 अन्य कलाकार शामिल होंगे।

 

उन्होंने कहा कि प्रस्तुति के लिए लोक कलाकारों एवं लोक कला जत्थों का चयन जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा उपलब्ध पंजीकृत एवं अनुभवी लोक कलाकारों में से किया जाएगा। चयन में स्थानीय लोक कला परंपराओं एवं लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक जत्थे में कलाकारों की संख्या 4 निर्धारित की जाएगी। इनमें एक ग्रुप लीडर एवं 3 अन्य कलाकार शामिल होंगे। जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों किशनगढ़, पुष्कर, नसीराबाद एवं केकड़ी में इन रथों के माध्यम से जनजागरूकता होगी।

 

उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों के चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा किए जाएंगे। इसके अध्यक्ष जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु होंगे। इसी प्रकार जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सदस्य सचिव तथा प्रभारी जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, जिला पर्यटन अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी सदस्य होंगे। साथ ही ब्लॉक पर कार्यक्रम की मॉनिटरिंग ब्लॉक स्तरीय समिति करेगी। इसके समन्वयक विकास अधिकारी, पंचायत समिति तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सदस्य है। जिले के लिए 8 कार्यशील कला जत्थों का चयन किया जाएगा। इनको एकान्तर दिवस के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र आंवटित किए जाएगें। इसके अतिरिक्त आरक्षित कला जत्थे भी रहेंगे।

 

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा के लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में संबंधित ग्राम विकास अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। कार्यक्रमों में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं को शामिल किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर लगभग एक घण्टे की लघु प्रस्तुतियां कला जत्थों द्वारा दी जाएगी। 

 

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक श्री भानु प्रताप सिंह गुर्जर, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक श्री प्रद्युम्न सिंह सहित लोक कलाकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *