अजमेर, 04 मार्च। आदेश सेवा समिति के तत्वावधान में होली महोत्सव मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक समरसता को समर्पित भव्य प्रभात फेरी एवं पुष्प होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आदेश सेवा समिति के सचिव श्री लक्ष्मी नारायण के ने बताया कि होली न केवल रंगों का त्योहार है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, भाईचारा और नई शुरुआत का प्रतीक भी है। यह हमें सिखाती है कि जीवन में रंग भरें, पुरानी कटुता धो डालें और खुशी से जिएँ। सभी त्यौहार हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो धार्मिक एकता एवं सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देते हैं। समिति द्वारा विगत तीन वर्षों से निरंतर इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों का संरक्षण एवं युवा पीढ़ी में संस्कार, परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस प्रकार के आयोजन समिति द्वारा पिछले तीन वर्षों से किए जा रहा है। समिति द्वारा इस वर्ष विभिन्न स्थानों से पांच प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी नंदेश्वर पंचमुखी महादेव मंदिर, जगदंबा कॉलोनी गुलाब बाड़ी, सर्वेश्वर महादेव मंदिर सूर्य नगर, प्राचीन भैरव मंदिर धोलाभाटा, प्राचीन शिव मंदिर गुलाब बाड़ी एवं प्रौढ शाखा गुलाब बाड़ी से प्रातः निकाली गई। इन सभी प्रभात फेरी का प्रातः 5.30 बजे तेजाजी की देवली गुलाबबाड़ी पर समागम हुआ। इन प्रभात फेरियों द्वारा आपसी सामाजिक समरसता, धार्मिक एकता का परिचय दिया गया।
उन्होंने बताया कि इसके उपरांत एक हजार किलो फूलों व गुलाल के साथ होली महोत्सव मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी धर्म प्रेमियों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा की गई। इसमें हर वर्ग के सैकड़ो की संख्या में छोटे बच्चे, महिला, पुरुष, बुजुर्ग सहित सामाजिक बंधु एवं आदेश सेवा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।