Tue. Nov 24th, 2026
IMG_20261124_171839

 

 

 

अजमेर, 24 नवम्बर। अन्तर्राष्ट्रीय श्री पुष्कर मेला-2026 का समापन मंगलवार को पूरी भव्यता के साथ हुआ। इसके समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री श्री भागीरथ चौधरी एवं जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि एवं जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने भी विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि पुष्कर मेला आत्मा, मन एवं शरीर को पवित्र करने का स्थल है। यह मेला सांस्कृतिक विरासत है। परम्पराओं और संस्कारों को इस मेले ने संजोए रखा है। इस मेले में पूरे विश्व से श्रृद्धालु आते है। यह मेला सामाजिक समरसता एवं आध्यात्मिकता का प्रतीक है। पुष्कर सरोवर सहित समस्त तीर्थ क्षेत्र की महिमा अपरम्पार है। विदेशी मन की शान्ति के लिए यहा आते है।

 

उन्होंने कहा कि अजमेर एण्ट्री प्लाजा में पुष्कर की महिमा बताई गई है। यहां स्वामी दयानन्द, वरूण सागर, एवं अजयपाल जी को भी स्थान दिया गया है। ब्रह्म कॉरीडोर की परियोजना का काम आरम्भ हो गया है। इससे पुष्कर नए रूप में दिखाई देगा। पुष्कर के विकास में राजस्थान एवं भारत का विकास निहित है। पुष्कर सनातन संस्कृति की श्रेष्ठता का प्रतीक है।

 

केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान है। भारत विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति है। सनातन काल से भरने वाला पुष्कर मेला इसका प्रमाण है। मेले इस संस्कृति को अक्षुण रखने में मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। मेलों से राष्ट्रीयता, अपनत्व एवं भ्रातत्व में वृद्धि होती है। मेले संस्कृति के अविरल प्रवाह को बनाए रखते हैं। 

 

उन्होंने कहा कि पुष्कर के इस धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटक महोत्सव के दौरान सुंदर आयोजन किए गए। इन आयोजनों में कई प्रतियोगिताएं भी हुई। इन प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को निरन्तर आगे बढ़ने के प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही उप विजेताओं को अगली प्रतियोगिता में विजेता बनने के लिए अभी से तैयारी आरम्भ कर देनी चाहिए। 

 

जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि तीर्थराज पुष्कर का पूरे विश्व में विशिष्ट महत्व है। जगतपिता ब्रह्मा की नगरी पुष्कर करोड़ों लोगों की आस्था का केन्द्र है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के निर्देशन में सरकार पुष्कर के विकास के लिए पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। पुष्कर विकास की बड़ी रूपरेखा तैयार कर कार्य किया जाएगा। 

 

उन्होंने कहा कि पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से हर साल मेले को पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए है। देश के प्रत्येक व्यक्ति की भावना पुष्कर से जुड़ी हुई है। मेले और पुष्कर विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पुष्कर मेले को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति है। इस बार मेला पूरी तरह सफल रहा है। जगतपिता ब्रह्मा की नगरी तीर्थराज पुष्कर का भव्य विकास किया जाएगा। उन्होंने मेले के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी। 

 

मेला समापन की घोषणा मेला मजिस्ट्रेट श्री गुरू प्रसाद तंवर ने की। समारोह में 150 से अधिक छात्राओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। ऊंट परेड एवं कला जत्था यात्रा का आयोजन भी किया गया। कला जत्था यात्रा में श्री बीकानेर के रोबिले श्री अनिल बोडा, जयपुर के श्री प्रभु लाल मीणा का आदिवासी नृत्य, श्री श्रवण कुमार संखवास नागौर का मशक वादन, श्री राजेश भट अजमेर का कच्छी घोड़ी, श्री राम प्रसाद टोंक निवाई का राजस्थानी नृत्य, श्री राजेश नाथ कालबेलिया पुष्कर एवं श्री नरेंद्र सोलंकी पुष्कर का शंख वादन आकर्षण का केन्द्र रहा। 

 

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने अपने प्रतिवेदन में कहा कि यह मेला पूर्ण रूप से शुरू से ही नवाचारों से भरा रहा है। ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से दूरस्थ बैठे पशुपालकों को पशु आवास व्यवस्था के लिए निःशुल्क प्लॉट उपलब्ध कराए गए। चौबीसों घंटे नए मेला मैदान में हेल्पडेस्क का संचालन किया गया। मेला सलाहकार समिति की बैठक दो माह पूर्व से ही आयोजित कर पशुओं एवं पशुपालकों के लिए बिजली, पानी की व्यवस्थाएं समय पर नये मेला मैदान पर पूर्ण किए। अश्व वंश की प्रतियोगिता नये मेला मैदान में आयोजित हुई तथा नये मेला मैदान में ऊंटों के लिए अलग से साफ जगह आरक्षित की गई।

 

समारोह में अश्व एवं उष्ट प्रदर्शन भी किया गया। इसमें राजस्थान पुलिस एकेडमी एवं जिला पुलिस ने स्टैडिंग सैल्यूट, इन्ड्ज्यिुवल टेन्ट पैगिंग एवं म्यूजिकल राइड किए। संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने अश्व के साथ योग किए। 

 

नए मेला मैदान एवं पशु प्रदर्शनी स्थल में आयोजित विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ मेला पशु एवं सर्वश्रेष्ठ गिर नस्ल पशु के विजेता पशुपालक श्री मानमल सुगनचंद जोशी अजमेर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दुधारू पशु के विजेता श्री मानमल सुगनचंद जोशी अजमेर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनकी संकर होल्स्टीन गाय ने 50 किलो 26 ग्राम दूध 24 घंटे तथा 75 किलो 50 ग्राम दूध 36 घंटे में देकर रिकार्ड स्थापित किया है। दुग्ध प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ गिर दुग्ध गाय में श्री मानमल सुगनचंद जोशी की गाय ने 28 किलो 743 ग्राम दूध 24 घंटे तथा 43 किलो 115 ग्राम दूध 36 घंटे में देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। एचएफ संकर हॉलिस्टिन गाय की दुग्ध प्रतियोगिता में श्री मानमल सुगनचंद जोशी की गाय ने 50 किलो 26 ग्राम दूध 24 घंटे तथा 75 किलो 50 ग्राम दूध 36 घंटे, जर्सी गाय की दुग्ध प्रतियोगिता में श्री गोपाल सुखदेव गुर्जर की गाय ने 33 किलो 563 ग्राम दूध 24 घंटे तथा 50 किलो 345 ग्राम दूध 36 घंटे में देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

 

गौवंश प्रदर्शनी प्रतियोगिताओं में श्री सुनील रामलाल गुर्जर ने संकर एचएफ ओसर प्रतियोगिता में, श्री लोकेश विशन अहीर ने संकर एचएफ शुष्क प्रतियोगिता में, श्री मानमल पुत्र सुगनचंद जोशी ने संकर एचएफ दुधारू, संकर जर्सी अदन्त मादा बछडी, संकर जर्सी ओसर व संकर जर्सी दुधारू प्रतियोगिता में, श्री कालूराम मेवाराम गुर्जर ने गिर अदंत मादा बछड़ी, श्री कुश माधव गुर्जर ने गिर ओसर प्रतियोगिता में, श्री धनराज देवकरण जाट ने गिर शुष्क प्रतियोगिता में, श्री मानमल सुगनचंद जोशी ने गिर दुधारू प्रतियोगिता में, श्री रामदयाल हरकरण जाट ने गिर अदंत नर बछड़ा एवं गिर सांड प्रतियोगिता में तथा श्री किशोर सोलंकी ने नागौरी बैल वंश प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार श्री राजेश सिसोदिया ने मुर्रा नस्ल (नर) प्रतियोगिता में, श्री रमेश बावरिया ने मादा भैंस वंश प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

ऊंट वंश प्रतियोगिताओं में श्री मोहन सिंह पांचू सिंह देवनगर ने ऊंट मादा प्रतियोगिता में, श्री अशोक भोपाल पुष्कर ने ऊंट नर प्रतियोगिता में, श्री मोहन सिंह पांचू देवनगर ने ऊंट नर सवारी प्रतियोगिता में तथा श्री जगमाल कालूराम केरिया की ढ़ाणी रूपनगढ़ ने ऊंटनी दुग्ध दोहन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बकरी वंश प्रतियोगिताओं में श्री सुनील चावला नागौर ने सिरोही नस्ल नर दो दांत प्रतियोगिता में, श्री पेमाराम परबतसर ने सिरोही नस्ल मादा दो दांत प्रतियोगिता में, श्री सूरजमल सामरिया परबतसर ने सिरोही नस्ल नर चार से छह दांत एवं सिरोही नस्ल मादा चार से छह दांत प्रतियोगिता में, श्री पप्पू राम गांव रिया ने सोजत नस्ल नर चार से छह दांत प्रतियोगिता में, श्री सूरजमल सामरिया परबतसर ने सर्वश्रेष्ठ बकरी सिरोही नस्ल एवं श्री सूरजमल सामरिया बवाड ने सर्वश्रेष्ठ बकरा सिरोही नस्ल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं श्री प्रवीण कुमार, पुष्कर नगर परिषद सभापति श्री राजेन्द्र बाकोलिया, उप सभापति श्रीमती लक्ष्मी पाराशर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गेना सहित गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *