Tue. Nov 24th, 2026
IMG_20261124_152814

 

अजमेर। अजमेर जिले में किसानों को यूरिया, डीएपी सहित अनुदानित उर्वरकों की उपलब्धता को और अधिक आसान एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में नई डिजिटल व्यवस्था शुरु की जा रही है।

 

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक संतोष कुमार तंवर ने बताया कि फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स (FFS) के माध्यम से अब उर्वरक की बिक्री एवं वित्तरण प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। किसान मोबाइल एप के जरिए, अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे और बुकिंग के बाद प्राप्त क्यूआर कोड के आधार पर अधिकृत विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।

 

नई व्यवस्था की खास बात यह होगी कि किसान को उर्वरक लेने के लिए दुकानों पर अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़ेगा। मोबाइल के माध्यम से उपलब्धता एवं बुकिंग की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे किसान को यह पता लगाने में भी सुविधा होगी कि उसके आसपास के क्षेत्र में संबंधित उर्वरक कहां उपलब्ध है।

 

एफएफएस व्यवस्था के माध्यम से उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक की डिजिटल निगरानी भी की जाएगी। दुकान पर उपलब्ध वास्तविक उर्वरक स्टॉक और POS मशीन में दर्ज स्टॉक का मिलान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे स्टॉक की स्थिति स्पष्ट रहेगी तथा अनुदानित उर्वरक के वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी।

 

राज्य में इस व्यवस्था को लागू करने से पहले राजसमंद एवं सिरोही जिलों में जून 2026 से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसका संचालन किया गया। पायलट प्रोजेक्ट के दौरान अब तक 68,335 किसानों द्वारा 10.341 मीट्रिक टन उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग की जा चुकी है। किसानों द्वारा प्राप्त क्यूआर कोड के माध्यम से अनुदानित उर्वरक का क्रय किया गया, जिससे डिजिटल व्यवस्था के सफल संचालन का अनुभव प्राप्त हुआ।

 

इसी क्रम में अजमेर जिले में एफएफएस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए 23नवम्बर 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गया । प्रशिक्षण में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रो के थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को ऑनलाइन बुकिंग, क्यूआर कोड आधारित वितरण, स्टॉक प्रबंधन तथा POS मशीन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

 

कृषि विभाग द्वारा उर्वरक विक्रेताओं को यह भी निर्देश दिये गये कि अनुदानित उर्वरक के भौतिक स्टॉक का संबंधित कृषि पर्यवेक्षक से सत्यापन करवाते हुए POS मशीन में दर्ज स्टॉक से उसका मिलान सुनिश्चित करें। एफएफएस व्यवस्था लागू होने से किसानों को उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से मिल सकेगी तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी। इससे वास्तविक जरुरतमंद किसानों तक अनुदानित उर्वरक पहुंचाने और वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी में भी मदद मिलेगी..

इस दौरान रामनिवास जांगिड़ सहायक निदेशक कृषि केकड़ी,पुष्पेंद्र सिंह कृषि अधिकारी सामान्य अजमेर, पप्पू खटीक कृषि अधिकारी पौध संरक्षण केकड़ी, अदिति माथुर कृषि अधिकारी प्रशिक्षण अजमेर, पूजा दौतानिया कृषि अधिकारी आत्मा एवं जिले के 300से अधिक उर्वरक विक्रेता आदि उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *