Thu. Nov 5th, 2026
IMG_20261105_182300

        अजमेर, 5 नवंबर। आमजन को बढ़ते बिजली बिलों से राहत दिलाने, स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अजमेर में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज 5 नवंबर को दोपहर एक बजे कलेक्ट्रेट परिसर में रिकॉर्ड शाखा के समीप आयोजित किए जा रहे विशेष शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर 5 से 17 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से आमजन को अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए योजना की जानकारी देने के साथ पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया जाएगा।

*सोलर संयंत्र पर अधिकतम 78000 रुपये मिलेगी केंद्रीय सब्सिडी*

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपनी छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट अथवा इससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के पात्र उपभोक्ताओं के लिए 17 हजार की अतिरिक्त सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।

योजना के अंतर्गत उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर संयंत्र लगाकर स्वयं बिजली का उत्पादन कर सकते हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत होने के साथ पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

*शिविर में आवेदन से लेकर सब्सिडी तक की प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी*

शिविर में आने वाले उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने, अधिकृत वेंडर का चयन करने, सोलर संयंत्र की क्षमता निर्धारित करने, संयंत्र स्थापना, नेट मीटरिंग तथा केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार से मिलने वाली सब्सिडी प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही योजना से संबंधित उपभोक्ताओं की शंकाओं एवं समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

शिविर का उद्देश्यय अधिकाधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं तक प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें अपने घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। आमजन से अपील है कि वे 5 से 17 नवंबर तक कलेक्ट्रेट परिसर में रिकॉर्ड शाखा के समीप आयोजित शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा इसका लाभ उठाएं।

इस दौरान अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता श्री एस के अग्रवाल, अधिशासी अभियंता श्री अमरचंद मीणा, टाटा पावर अजमेर की ग्रुप हेड सोलर तृप्ति गौतम, सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम के सिटी हेड विपिन अत्री मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *