Sat. Oct 31st, 2026
IMG_20261031_193444

 

 

अजमेर, 31 अक्टूबर 2026। मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शनिवार को राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, माखुपुरा, अजमेर में *“विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें (Know Your Vote)”* कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं ने सहभागिता कर लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार श्री भागीरथ चौधरी तथा माननीय विधायक अजमेर दक्षिण श्रीमती अनीता भदेल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने की।

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की जागरूक एवं जिम्मेदार भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

 

विधायक श्रीमती अनीता भदेल ने कहा कि युवा देश के लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के प्रति जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्रत्येक युवा के लिए आवश्यक है। उन्होंने इस प्रकार के युवा संवाद के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा युवाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराने के माय भारत के प्रयास की सराहना की।

 

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की जागरूकता, सक्रिय सहभागिता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता, सामाजिक चेतना एवं लोकतांत्रिक संस्कार विकसित करने के लिए ऐसे आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

 

कार्यक्रम में यूथ आइकॉन सुश्री अनन्या टाक ने विशेष प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कानूनी आधार, सटीक एवं अद्यतन मतदाता सूची की आवश्यकता तथा भारत में SIR के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच अंतर, विदेशी प्रभाव एवं फंडिंग में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की गंभीरता समझाई। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं, भ्रामक प्रचार और जन-नैरेटिव के निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।

 

इस अवसर पर स्पोर्ट्स आइकॉन एवं वॉलीबॉल खिलाड़ी सुश्री गरिमा चौधरी की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद हुआ, जिसमें युवाओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारी, मतदाता सूची तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका से जुड़े प्रश्न एवं विचार साझा किए।

 

कार्यक्रम के दौरान माय भारत अजमेर के जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना ने युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने इस पहल के उद्देश्य, युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों तथा राष्ट्र निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के महत्व से अवगत कराते हुए युवाओं को इसमें सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) टीम लीडर सुश्री युक्ता एवं टीम सदस्यों सुश्री पुष्पा, सोनिया, हिमानी, खुशाली, विधि, भारती, संगीता, ध्रुविका एवं अस्फिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री हिमांशी एवं सुश्री आकांक्षा द्वारा किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री अमरजीत पूनिया तथा माय भारत अजमेर के कार्यालय सहायक श्री लोकेन्द्र सिसोदिया भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लगभग 200 युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान, जागरूक सहभागिता एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

 

माय भारत का यह प्रयास युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने, उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने तथा विकसित भारत@2047 के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *