अजमेर, 9 सितम्बर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत संकल्प तारा अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से हर मतदाता लोकतंत्र का चमकता सितारा का संदेश देते हुए नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान उपस्थित मतदाताओं ने लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मतदान अवश्य करने का संकल्प लिया। सितारों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक मतदाता अपने मत के माध्यम से लोकतंत्र को नई रोशनी प्रदान करता है।
कार्यक्रम में एडीएम सिटी प्रवीण कुमार, तहसीलदार पूजा यादव एवं शिवचरण चौधरी की सहभागिता रही। स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं रीतू चौहान ने अभियान का समन्वय करते हुए उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया।
स्वीप टीम द्वारा उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे 11 सितम्बर को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। साथ ही, मतदाता जागरूकता को जन-अभियान का स्वरूप देने के लिए आगामी दिनों में भी विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।