अजमेर। अजमेर शहर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। और बारिश पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अगस्त से अगले एक सप्ताह तक अजमेर सहित पूरे राजस्थान में मानसून कमजोर रहेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही तो बनी हुई है, लेकिन झमाझम बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस सीजन में अजमेर में अब तक 419 MM बारिश दर्ज हो चुकी है। जो सामान्य औसत से लगभग 9.3% ज्यादा है। आने वाले दिनों का मौसम मुख्य रूप से शुष्क और आंशिक रूप से बादल छाए रहने जैसा रहेगा। भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर से मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिसके बाद शहर में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।