अजमेर 14 अगस्त। हिंदू समाज के वंचित,पिछड़े और उपेक्षित वर्ग को शिक्षित करने एवं भावी पीढ़ी को पढ़ा लिखा कर मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से घुमंतू जाति उत्थान न्यास,अजयमेरु द्वारा पालरा गांव की कालबेलिया बस्ती में जिले का पहला बाल संस्कार केंद्र शुरू किया गया। बाल संस्कार केंद्र के माध्यम से घुमंतू समाज के बच्चों को शिक्षित, संस्कारित करने का सेवा कार्य किया जाएगा।
प्रकल्प का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र के संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अपने उद्बोधन में डॉ. रमेश अग्रवाल ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग शिक्षा और संस्कार से वंचित नहीं रहे। इसी उद्देश्य से एवं घुमंतू समाज के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु यह बाल संस्कार केंद्र शुरू किया गया है। साथ ही उन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों से बाल संस्कार केंद्र के संचालन में अपना पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अजमेर महानगर घुमंतू कार्य संयोजक श्री आशीष डीडवानिया एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्री निंबाराम भी उपस्थित थे।