Mon. Apr 20th, 2026
IMG_20260404_195429

 

 

अजमेर, 4 अप्रैल। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ, जिला अजमेर के तत्वावधान में आयोजित संभाग स्तरीय ‘आईटी संगम’ खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। 

 

जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

 

दूसरे दिन पटेल इनडोर स्टेडियम में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में गिरीश चंदिरामानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि मोहित शर्मा उपविजेता रहे। वहीं, जवाहर स्कूल कोर्ट पर आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। पुरुष सिंगल्स वर्ग में मोहम्मद सोहेल, महिला सिंगल्स में पल्लवी शर्मा विजेता रहीं। पुरुष डबल्स में अंकित बालम एवं रघुवीर गुर्जर की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि महिला डबल्स में पल्लवी शर्मा एवं दीप्ति शर्मा विजेता रहीं। मिक्स डबल्स में भी अंकित बालम एवं दीप्ति शर्मा की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

 

क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत भी दिनभर रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में अजमेर गोरा बटालियन और भीलवाड़ा के बीच हुए मुकाबले में भीलवाड़ा की टीम विजेता रही। इसके बाद अजमेर स्ट्राइकर और टोंक के बीच खेले गए मैच में अजमेर ने जीत दर्ज की। ब्यावर और नागौर के बीच हुए मुकाबले में नागौर की टीम विजयी रही। अजमेर सुपर किंग और भीलवाड़ा के बीच हुए मैच में अजमेर सुपर किंग ने जीत हासिल की, जबकि ब्यावर और टोंक के बीच हुए मुकाबले में टोंक की टीम विजेता रही। दिन के अंतिम मैच में अजमेर गोरा बटालियन और डीडवाना-कुचामन के बीच हुए मुकाबले में डीडवाना-कुचामन की टीम ने जीत दर्ज की।

 

जिला अध्यक्ष ने आगे बताया कि प्रतियोगिता के अगले चरण में रविवार को चंद्रवरदाई नगर स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी खेलों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *