Sat. Nov 14th, 2026
IMG_20260321_215840

अजमेर, 21 मार्च। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ, जिला अजमेर के तत्वावधान में संभाग स्तरीय ‘आईटी संगम’ खेल प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 अप्रैल तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार शाम को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईटी यूनियन के कार्यकारिणी सदस्यों सहित जिले में पदस्थापित आईटी कार्मिकों ने भाग लिया और आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता अजमेर संभाग के अंतर्गत आने वाले अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, नागौर, कुचामन-डीडवाना एवं ब्यावर जिलों के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘आईटी संगम’ का उद्देश्य विभागीय कार्मिकों के बीच आपसी समन्वय, टीम भावना, सौहार्द तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकार के आयोजनों से कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में इनडोर एवं आउटडोर दोनों प्रकार के खेल शामिल किए गए हैं। आउटडोर खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जबकि इनडोर खेलों में बैडमिंटन, शतरंज (चेस), कैरम एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सभी प्रतिभागियों एवं टीमों के लिए निर्धारित प्रवेश शुल्क आयोजन समिति के पास जमा कराना अनिवार्य रखा गया है, जिससे आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।

बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन स्थल, खेलों की समय-सारिणी, पंजीयन प्रक्रिया, निर्णायक मंडल की नियुक्ति तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा प्रत्येक समिति को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘आईटी संगम’ खेल प्रतियोगिता आईटी कार्मिकों के लिए अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगी। इसके माध्यम से विभागीय एकजुटता, समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी सदस्यों में विशेष उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *