अजमेर , 13 मार्च। वर्तमान में मध्यपूर्व एशिया में युद्ध की परिस्थितियों के मद्देनज़र जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर है। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु के नेतृत्व में प्रशासन लगातार गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने तबीजी स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पारेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के एलपीजी गैस प्लांट का दौरा कर गैस की मांग एवं आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गैस प्लांट की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से वितरण प्रणाली, भंडारण क्षमता तथा आपूर्ति प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान आईओसीएल के स्थानीय अधिकारियों ने जिला कलक्टर को अवगत कराया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप संचालित की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
जिला कलक्टर ने गैस प्लांट परिसर का निरीक्षण करते हुए भंडारण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा सिलेंडर भराई की प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने अधिकारियों से प्लांट में अपनाई जा रही मानक संचालन प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि सुरक्षा एवं गुणवत्ता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आमजन से संबंधित शिकायत निवारण तंत्र की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या आने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। इसमें उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इसके लिए किसी भी प्रकार की अफवाहों या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां नियमित रूप से आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए हुए हैं।
इस दौरान इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।