अजमेर , 11 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में कई पीढ़ियों का योगदान रहा है और लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि पक्ष और विपक्ष दोनों मिलकर जनता के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता जनता से आती है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व शासक नहीं बल्कि सेवक के रूप में काम करना है। विधानसभा का हर मिनट जनता के हित में लगना चाहिए क्योंकि सदन का समय जनता की अपेक्षाओं और विश्वास से जुड़ा होता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अपने कार्यकाल में संसदीय परंपराओं का सम्मान करते हुए कई नवाचार किए हैं। इन प्रयासों के माध्यम से राजस्थान विधानसभा को अधिक जीवंत, उत्तरदायी और जनोन्मुख बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब परंपरा और नवाचार साथ-साथ चलते हैं तो लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होती हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी द्वारा लिखित पुस्तकों “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष: नवाचारों के दो वर्ष” और “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” के नवीन संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा दोनों पुस्तकों का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और विपक्ष के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा की परंपरा मजबूत संसदीय मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर आधारित रही है तथा सभी जनप्रतिनिधियों का एक ही उद्देश्य होना चाहिए कि प्रदेश की जनता का अधिकतम भला कैसे किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रक्रियाओं को सरल बनाने, जनता और विधानसभा के बीच संवाद मजबूत करने तथा युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में युवाओं को विधानसभा का भ्रमण करवाया गया, जिससे उनमें लोकतंत्र के प्रति समझ और प्रेरणा बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित पुस्तक “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन दर्शन राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों के संघर्ष, सपनों और बलिदान की अभिव्यक्ति है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का अनुसरण करते हुए हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी व्यक्ति जाति, धर्म या क्षेत्र के आधार पर पीछे न रह जाए।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण, विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे बजट घोषणाओं और सरकारी योजनाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में धरातल पर उतारने का प्रयास करें ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँच सके।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विधानसभा को अधिक जीवंत, उत्तरदायी और जनोन्मुख बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण नवाचार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति संसदीय परंपराओं, संवाद की संस्कृति और जनसरोकारों के प्रति उत्तरदायित्व में निहित होती है।
श्री देवनानी अपनी पुस्तकों के विमोचन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा संग्रहालय को जनदर्शन के लिए खोलने के बाद अब तक करीब 50 हजार लोग इसे देख चुके हैं। संग्रहालय को और आकर्षक बनाने के लिए संविधान गैलरी और वंदे मातरम् गैलरी विकसित की गई है, जबकि परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका के साथ ही हर्बल वाटिका और नक्षत्र वाटिका भी विकसित की जा रही हैं।
श्री देवनानी ने बताया कि विधानसभा के आधुनिकीकरण के लिए मुख्यमंत्री के सहयोग से महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियाँ मिली हैं। सेंट्रल हॉल के निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भविष्य में परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सदस्य संख्या को ध्यान में रखते हुए लगभग 280 सदस्यों की क्षमता वाले नए हॉल के विकास के लिए भी 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच को अनुसरण करते हुए राजस्थान विधान सभा का भी 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधान सभा में संसदीय व्यवस्था को मजबूती देने और संसदीय संस्कृति को उत्कर्ष बनाने के लिए अनेक नवाचार किये गये है।
उन्होंने कहा कि अब आने वाले समय में विधान सभा में कोई भी प्रश्नों के जवाब लम्बित नहीं रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि जनहित के मुद्दों को हल करने के लिए विधायकगण द्वारा लगाये गये प्रश्नों के जवाब सत प्रतिशत मंगवाये जाए। श्री देवनानी ने कहा कि विधान सभा सदन का आसन महत्वपूर्ण होता है। आसन पर बैठने के बाद वे अनुशासन और नियमों के प्रति कठोर हो जाते है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा को पूर्णतः डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। समितियों की बैठकों में डिजिटल हस्ताक्षर की व्यवस्था शुरू की गई है तथा विधानसभा के प्रवेश पास भी पेपरलेस किए जा रहे हैं। साथ ही भविष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीक का उपयोग करने पर भी विचार किया जा रहा है।
श्री देवनानी ने कहा कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य विधानसभा को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और जनता से जुड़ा संस्थान बनाना है, ताकि लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत किया जा सके।
संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के कारण विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों के 97 प्रतिशत उत्तर समय पर उपलब्ध कराए गए, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल हॉल के निर्माण से विधायकों के बीच संवाद और भी बेहतर होगा।
नेता प्रतिपक्ष श्री टिकाराम जूली ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का वह मंच है जहाँ पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाए रखने की होती है और इस सत्र में सदन का संचालन काफी संतुलित रहा। उन्होंने विधानसभा को डिजिटल और पेपरलेस बनाने सहित किए गए नवाचारों की सराहना की। नेता प्रतिपक्ष श्री जूली ने कहा कि विधान सभा में ऐतिहासिक कार्य हुए है। राजस्थान विधान सभा के सदन में पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि स्पीकर का संरक्षण ही प्रतिपक्ष को मजबूती प्रदान करता है।
अंत में सरकारी मुख्य सचेतक श्री जोगेश्वर गर्ग ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में मंत्रीमंडल के सदस्य, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।