अजमेर। पाली के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गुजरात में ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा ऊंझा गांव के पास उस समय हुआ जब परिवार पाली से शादी समारोह में शामिल होकर अहमदाबाद लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली पंचायत समिति के भावनगर गांव के मूल निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद के रामोल क्षेत्र में रहने वाला कुमावत परिवार मिनी वैन से लौट रहा था। ऊंझा और मेहसाणा के बीच हाईवे पर चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक हट गया, जिससे वैन तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।