अजमेर, 15 अक्टूबर। अजमेर के अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अस्पताल के लिए डीएमएफटी फंड से 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मंजूरी मिली है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अस्पताल में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एमआरआई और सिटी स्कैन मशीने भी शीघ्र ही पीपीपी मोड पर चलेंगी।
आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होने से अजमेर सहित पूरे संभाग के मरीजों को लाभ मिलेगा। हृदय रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी तथा शल्य चिकित्सा से संबंधित सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी। राज्य सरकार ने सिटी स्कैन मीशन एवं एमआरआई मशीन भी पीपीपी मोड पर संचालन की अनुमति दी है।
हृदय रोग विभाग के लिए 1.25 करोड़ रुपये की लागत से दो इकोकार्डियोग्राफी मशीनें खरीदी जाएंगी। इन मशीनों की उपलब्धता से हृदय संबंधी बीमारियों की जांच एवं निदान में सुविधा मिलेगी। मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिलने से उपचार प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के लिए 1.40 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरण खरीदे जाएंगे। इनमें 80 लाख रुपये की एंडोस्कोपी प्रणाली, 45 लाख रुपये की एंटरोस्कोपी तथा 15 लाख रुपये की एंडोस्कोप शामिल हैं। इन उपकरणों से पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों की जांच एवं उपचार सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
अस्पताल के न्यू सर्जिकल ब्लॉक में 3 करोड़ रुपये की लागत से मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इससे शल्य चिकित्सा संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आधुनिक चिकित्सा व्यवस्थाओं के अनुरूप ऑपरेशन थिएटर की सुविधा विकसित की जा सकेगी।
अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के समग्र विकास के लिए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए पूर्व में जारी राशि के अतिरिक्त अलग से 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अस्पताल के जीर्णाेद्धार एवं आवश्यक सुधार कार्यों के लिए 9.12 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।
इन कार्यों से अस्पताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इन प्रयासों से अजमेर संभाग के मरीजों को सरकारी अस्पताल में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।