Fri. Oct 16th, 2026
IMG_20261015_212037

 

 

अजमेर, 15 अक्टूबर। वरूण सागर की पाल पर शीघ्र ही भगवान झूलेलाल की भव्य मूर्ति लगेगी। यह मूर्ति 45 लाख रूपए की लागत से तैयार हो रही है। यहां अन्य आकर्षण भी होंगे जिसमें वरूण सागर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर स्थित वरुण सागर पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा बजट घोषणाओं की शीघ्र क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने नगर निगम के अधिकारियों से वरुण सागर की पाल पर स्थापित होने वाली भगवान झूलेलाल देव की भव्य मूर्ति के निर्माण एवं स्थापना कार्य की जानकारी ली। लगभग 45 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस मूर्ति के लिए स्टैण्ड का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर मूर्ति स्थापना की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। 

 

उन्होंने कहा कि भगवान झूलेलाल की विशाल एवं आकर्षक मूर्ति वरुण सागर की पहचान बनेगी और श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। उन्होंने कहा कि वरुण सागर को पर्यटन की दृष्टि से एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी यहां बेहतर सुविधाओं का आनंद ले सकें।

 

श्री देवनानी ने वरुण सागर पर घाट निर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के अनुरूप प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता से शुरू किया जाए। सागर क्षेत्र में आकर्षक लाइटिंग एवं फव्वारों की स्थापना का कार्य भी जल्द प्रारम्भ किया जाए, जिससे यहां का सौंदर्य और अधिक निखरे।

 

उन्होंने कहा कि वरुण सागर को एक समग्र पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए यहां चौपाटी, नौकायन, आकर्षक झूले तथा सैर-सपाटे की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। झील के चारों ओर पाथ-वे का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशाल उद्यान विकसित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से वरुण सागर पर परिवारों के लिए मनोरंजन, भ्रमण एवं पर्यटन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय नागरिक और बाहर से आने वाले सैलानी यहां पर्याप्त समय बिता सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *