Sun. Oct 18th, 2026
IMG_20260917_054432

 

 

अजमेर। अजमेर जिला शतरंज संघ द्वारा राजस्थान शतरंज संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-15 सब-जूनियर (ओपन एवं गर्ल्स) शतरंज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 19 एवं 20 सितम्बर को अजमेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता पंचायत नया, छोटे धड़े की नसियां, सुभाष उद्यान के सामने आयोजित होगी।

 

जिला चेस एसोसिएशन अजमेर के जिलाध्यक्ष श्री अतहर अब्बास काजमी ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 150 से 200 बालक-बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता, रणनीतिक कौशल एवं शतरंज की चालों का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता युवा प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

 

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिका खिलाड़ी आगामी नेशनल अंडर-15 चेस चौम्पियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए कुल 40 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफियां रखी गई हैं। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिका को ट्रॉफी एवं 3,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर ट्रॉफी एवं 2,500 रुपये, तृतीय स्थान पर ट्रॉफी एवं 2,000 रुपये तथा चतुर्थ स्थान पर ट्रॉफी एवं 1,500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। पांचवें से दसवें स्थान तक आकर्षक ट्रॉफी तथा आयु वर्ग अंडर-7, 9, 11 एवं 13 में पदक प्रदान किए जाएंगे। अजमेर के स्थानीय खिलाड़ियों के लिए विशेष ट्रॉफी भी रखी गई है।

 

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता FIDE के नवीनतम नियमों एवं स्विस सिस्टम के आधार पर आयोजित की जाएगी। प्रत्येक खिलाड़ी को 45 मिनट प्लस 15 सेकंड इंक्रीमेंट का समय दिया जाएगा। प्रतियोगिता की लाइव पेयरिंग एवं परिणाम Chess.Results.com पर अपडेट किए जाएंगे।

 

उन्होंने बताया कि अजमेर जिले के खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुल्क में विशेष रियायत दी गई है। बाहर के जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए नसियां में रियायती दर पर कमरे उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया गया है। जिला शतरंज संघ ने प्रशिक्षकों, अभिभावकों, विद्यालयों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *