अजमेर। नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026 केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार फास्ट-ट्रैक कोर्ट तथा सख्त दंड के प्रावधान लाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि हाल के दिनों में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर विद्यार्थियों द्वारा अपनी चिंता और अपेक्षाएं व्यक्त की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों की भावनाओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना है तथा स्पष्ट आश्वासन दिया है कि इस संबंध में आवश्यक विधेयक को शीघ्र ही केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद संसद में लाकर पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह निर्णय करोड़ों युवाओं के हितों की रक्षा करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे उन अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत होगा जो वर्षों की कठिन मेहनत और ईमानदारी के बल पर अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सदैव युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील रहा है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि पेपर माफिया और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों को त्वरित और कठोर दंड सुनिश्चित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देश के करोड़ों विद्यार्थियों के लिए विश्वास का आधार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ईमानदार और प्रतिभाशाली युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य करती रहेगी।