Mon. Apr 20th, 2026
IMG_20260410_201608

 

 

अजमेर, 10 अप्रैल। स्वायत्त शासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को केकड़ी नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित करते हुए शहरवासियों को 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सुविधा की सौगात दी गई। 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्यमंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाकर उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। आज का दौर डिजिटल क्रांति का है और आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का होगा। ऐसे में केकड़ी को फ्री वाई-फाई जोन बनाना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया दूरदर्शी कदम है। इस पहल से विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारियों और आमजन को नई संभावनाओं से जुड़ेंगे। यह योजना शहर को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी। 

 

श्री खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी। केकड़ी के सर्वांगीण विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केकड़ी डिजिटल और आधारभूत सुविधाओं के मामले में एक मॉडल शहर के रूप में पहचान बनाएगा। 

 

केकड़ी विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि केकड़ी को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। फ्री वाई-फाई सुविधा से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और शहर में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने 1254 करोड़ रुपये की फोरलेन सड़क की सौगात दी है। सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाती है। केकड़ी को यह बड़ी सौगात दिलाने के लिए उन्होंने स्वयं 240 दिन तक बिना जूते-चप्पल के जयपुर और दिल्ली के चक्कर लगाए। इसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण योजना स्वीकृत हुई।

 

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी योजना को धरातल पर उतरने में समय लगता है। कोई भी कार्य एक दिन में पूरा नहीं होता। इस अवसर पर उन्होंने नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्यमंत्री से केकड़ी और सरवाड़ में बस स्टैंड की आवश्यकता बताते हुए कहा कि दोनों स्थानों पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने श्री झाबर सिंह खर्रा से आग्रह किया कि वे केकड़ी को अपनी ही विधानसभा मानते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करें।

 

*इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यासदृ*

 

 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जन आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया। इनमें अप्रोच रोड़ एवं सीसी सड़क निर्माण, अजमेर रोड़ पर श्रीराम स्वागत द्वार, वार्ड संख्या 38 में नाली एवं सीसी सड़क निर्माण, नगर परिषद भूमि पर प्रस्तावित बस डिपो की चारदीवारी, बघेरा रोड़ स्थित कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण तथा कादेड़ा रोड़ से एफएसटीपी प्लांट तक अप्रोच रोड़ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

 

*8 जगहों पर बनाए वाईफाई प्वाइंट, 5 मेगा बाईट्स की मिलेगी स्पीड*

 

करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इस फ्री वाई-फाई परियोजना के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई राउटर स्थापित किए गए हैं। इनमें राजकीय जिला चिकित्सालय, नगर पालिका परिसर, बस स्टैंड, पंचायत समिति, घंटाघर क्षेत्र, तेलियान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर और कोर्ट परिसर जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इस सुविधा के माध्यम से एक समय में लगभग 5 हजार से अधिक लोग इंटरनेट से जुड़ सकेंगे और नागरिकों को करीब 5 एमबीपीएस की निःशुल्क इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इंटरनेट सुविधा हर मौसम में उपलब्ध होगी तथा 3 साल तक संबधित कंपनी मेंटेनेंस करेगी। केकड़ी शहर राजस्थान का पहला शहर बन गया है जहां फ्री वाईफाई सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *