अजमेर। 6 साल पहले 22 मार्च 2020 को आज के ही दिन देशभर की सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ था। भारत के इतिहास में यह पहला मौका था। जब उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूर्व से लेकर पश्चिम तक देश पूरी तरह खामोश था। यह जनता कर्फ्यू का दिन था यानी जनता के द्वारा लगाया गया कर्फ्यू।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश की जनता ने स्वेच्छा से घरों में रहने का फैसला किया था। लोगों के बाहर निकलने पर बंदिश नहीं थी लेकिन इसके बावजूद देशभर में एकमत के साथ लोगों ने घर से बाहर न जाने का फैसला किया। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के प्रति सजग होने के लिए यह आह्वान किया गया था।
केंद्र सरकार कोरोना महामारी की गंभीरता लोगों तक पहुंचाना चाहती थी और यह भी चाहती थी कि लोग इससे बचने के लिए सावधानियां भी अपनाना शुरू करें। इसी मकसद से इस ‘जनता कर्फ्यू’ का आह्वान किया गया था। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि असल में यह जनता कर्फ्यू एक तरह से लॉकडाउन की तैयारी के लिए था।
शाम 5 बजे बजने लगी तालियां और थालियांइस दिन देश ने एक यादगार दृश्य देखा था। सुबह 7 बजे से यह जो सन्नाटा पसरा, वह शाम होते-होते उत्सव में बदल गया। ठीक शाम 5 बजे देश के कोने-कोने में लोग घरों की बालकनी और छत पर आकर ताली, थाली और घंटी बजाने लगे। जिसे जो मिला, वह उसे बजाने लगा।