Sun. Aug 17th, 2025
Screenshot_2025-08-06-19-34-48-397_com.whatsapp

 

                    अजमेर, 6 अगस्त। जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

                    अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे पूर्व की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। बैठक में अब तक की गई कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए पंजीकृत प्रकरणों और जब्त नशीले पदार्थों का विश्लेषण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि चल रही गिरदावरी में अफीम की खेती का सत्यापन राजस्व अधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। कोटपा के अंतर्गत अधिकाधिक चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

                    उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर्स पर साइकोट्रॉपिक एवं शेड्यूल एच ड्रग्स की बिक्री बिना चिकित्सकीय पर्चे के न हो। टर्माडोल और कोडीन के दुरुपयोग को रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। दवाई विक्रेता द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त किया जाए।

                    उन्होंने गैर सरकारी संगठनों से नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती मामलों की जानकारी भी ली। साथ ही निर्देश दिए कि पुनर्वासित व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाए। वे पुनः नशे की ओर नहीं लौटें। युवाओं में तनाव और चिंता के कारण नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए नियमित काउंसलिंग किए जाने के निर्देश दिए।

                    उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को समाज में नशे के दुष्प्रभाव पर जागरूकता लाने के लिए विभिन्न गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिए। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर जागरूकता लाने के निर्देश दिए। 

                    उन्होंने कहा कि संदिग्ध क्षेत्रों पर प्रभावी कार्यवाही कर आमजन में विश्वास उत्पन्न किया जाए। सूचना तंत्र सुदृढ़ किया जाए एवं विभाग आपस में सूचनाओं का आदान प्रदान करे।  

                    बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गणेश राम चौधरी, वृताधिकारी श्री रामावतार चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक श्री जय प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *