Fri. Jun 6th, 2025
IMG_20250602_194227

 

           अजमेर, 2 जून। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।

           बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिले से संबंधित बजट घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का प्रभावी कार्यान्वयन ही आमजन तक शासन की मंशा को पहुंचाता है। इसके साथ ही विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं जैसे जल स्वावलंबन अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

           जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर जल स्रोतों का संरक्षण, संवर्धन और सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में भूजल स्तर में सुधार, जल संचयन, तथा जल प्रबंधन के स्थायी समाधान उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

           श्रीमती ककवानी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के जरूरतमंद वर्गों तक राहत पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनका लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

           बैठक में संपर्क पोर्टल, सीपी ग्राम पोर्टल और मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रकोष्ठ पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग औसत निस्तारण अवधि को 15 दिन तक लाने का लक्ष्य निर्धारित करें और इस दिशा में ठोस प्रयास करें।

           श्रीमती ककवानी ने कहा कि शिकायतों के समाधान के पश्चात मिलने वाले फीडबैक के आधार पर संतुष्टि प्रतिशत को बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्च स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं तथ्यपरक उत्तर भिजवाया जाए।

           इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के श्री प्रवीण कुमार, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक श्रीमती विनीता स्वामी, नगर निगम की उपायुक्त श्रीमती कीर्ति कुमावत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *