अजमेर। अजमेर की सेंट्रल जेल में भाई दूज का पर्व बेहद भावुक माहौल और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें और परिजन जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने पहुंचे। जेल की सलाखों के पीछे अपने बेटों और भाइयों को देखकर कई माताओं और बहनों की आंखें छलक आईं। एक भांजा अपने मामा को जेल में देखकर उनसे लिपटकर रो पड़ा। बहनों ने जेल में बंद भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके जल्द घर लौटने की दुआ मांगी। भाइयों ने अपनी बहनों के आंसू पोंछे। उन्होंने अपराध का रास्ता छोड़कर जल्द सुधरने और समाज की मुख्यधारा में लौटकर परिवार के साथ नई शुरुआत करने का भरोसा दिलाया। जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।