अजमेर। अजमेर शहर के देहली गेट के पास स्थित पीर मीठा गली में नियमों के खिलाफ किए गए अवैध निर्माण पर अजमेर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए बहुमंजिला इमारत को सीज कर दिया है। इस भवन के लिए G+2 (ग्राउंड प्लस दो मंजिल) का नक्शा पास था। मौके पर बिना अनुमति के G+4 (ग्राउंड प्लस चार मंजिल) तक निर्माण कर लिया गया था। निर्माण कार्य के दौरान ‘जीरो सेटबैक’ के नियमों की भी अनदेखी की गई थी। प्रेम प्रकाश आश्रम के पास मनोज बिरयानी के नाम वाली बिल्डिंग सहित आसपास की 7 दुकानों को भी नोटिस जारी किया गया है। बार-बार चेतावनी और नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रहने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को सीज कर दिया।