Tue. Oct 6th, 2026
IMG_20261006_164502

 

 

अजमेर, 6 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 स्थित संत कंवर राम कॉलोनी में विभिन्न गलियों में 50.95 लाख रुपए की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। यह कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। सड़क निर्माण पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों सहित आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से क्षतिग्रस्त गलियों की समस्या का समाधान होगा।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का सुनियोजित एवं समग्र विकास किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

 

श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्र में वरुण सागर तक सड़क चौड़ीकरण तथा प्रमुख नालों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत हैं। दीपावली से पूर्व सड़कों के निर्माण एवं पेचवर्क के अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं विकास कार्य करवाए गए हैं। शहर में रिंग रोड की दिशा में चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि अजमेर शहर में हेरिटेज लाइट, डेकोरेटिव पोल, हाईमास्ट एवं आधुनिक स्ट्रीट लाइट के कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इससे शहर की रात्रिकालीन सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटन गतिविधियों एवं यातायात सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। 

 

इस अवसर पर महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, पार्षद श्रीमती मोनिका जैन एवं श्री विनोद डिडवानिया सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *