Sat. Aug 15th, 2026
IMG_20260815_142805

अजमेर, 15 अगस्त। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने 80वें स्वाधीनता दिवस समारोह में अजमेर के पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया। उन्होंने यहां मार्चपास्ट की सलामी लेने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 87 व्यक्तियों, संस्थाओं व अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन डॉ. अभिषेक गोयल द्वारा किया गया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि 15 अगस्त 1947 को हमने केवल आजादी नहीं पाई थी बल्कि एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लिया था, जहां हर नागरिक को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास विकास की कार्यशैली बन चुका है। भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत की सबसे बड़ी ताकत हमारे (जीवाईएएन) गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी है। गरीब का सम्मान, युवा का आत्मविश्वास, किसान की शक्ति और नारी का नेतृत्व-यही नए भारत की पहचान बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब योग को वैश्विक पहचान मिली है। निर्यात, निवेश और औद्योगिक वातावरण को बढ़ावा मिला। मेक इन इंडिया के तहत हथियारों से लेकर आधुनिक तकनीक तक भारत में निर्माण को बल मिला। जी20 जैसे वैश्विक आयोजनों की सफलता ने भारत की नेतृत्व क्षमता को स्थापित किया है। डिजिटल टेक्नोलॉजी, अन्तरिक्ष और चिकित्सा के क्षेत्र में भारत ने नई उपलब्धियां हासिल की है। वहीं शिक्षा और कौशल के माध्यम से युवा शक्ति को नई दिशा मिली।

उन्होंने कहा कि देश में न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आईपीसी में बदलाव किया जाकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू किया गया। वहीं वंदे मातरम के सम्मान को स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026 पारित किया गया। 

उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा महिला सशक्तिकरण को नई उडान मिली। निशक्तजनों के सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान दिया गया। हमारे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास और संरक्षण से आस्था के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिला है। हमारे बुजुर्गों के सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। कोरोना महामारी के कठिन समय में भी भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को साकार किया। हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें अन्त्योदय तक पहुंचाया गया। 

उन्होंने कहा कि आज गांवों तक सड़क, बिजली, पानी, स्वच्छता, और पक्के घर पहुंच रहे है। भारत आत्मनिर्भरता और नवाचार के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारी सेनाएं सशक्त है, हमारे खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ा रहे है। वोकल फॉर लोकल, अपने संस्कारों और संस्कृति पर गर्व, नए स्टार्टअप, स्वरोजगार हर देशवासी की ताकत बन रहे हैं। विशाल स्तर पर मनाए जा रहे हमारे तीज, त्यौहार, परम्पराएं, मेले, उत्सव ग्लोबल लेवल पर समाज की प्रेरणा बन रहे है। विकास के साथ गुणवत्ता भी हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को लेकर सरकार सुशासन, पारदर्शिता को अपनाते हुए कार्य कर रही है। राजस्थान विकास की नई संभावनाओं का प्रदेश बन रहा है। योजनाओं के क्रियान्वयन में जन सहभागिता से विकास तीव्र गति से होगा। विकसित भारत तभी बनेगा जब देश का हर नागरिक अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निष्ठापूर्ण निर्वहन करेगा। आज जब हम अपने बच्चों को तिरंगे को नमन करते और देश की संस्कृति को प्रस्तुत करते देखते है, तो विश्वास होता है कि यही बच्चे भारत का उज्ज्वल भविष्य है। इस तिरंगे की छांव में हम यह सुनिश्चित करें कि विकसित भारत केवल लक्ष्य नहीं हमारी सामूहिक यात्र होगी। 

*पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड*

समारोह में परेड कमांडर उप अधीक्षक श्री गोमाराम के नेतृत्व में परेड की गई। सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून के दल का नेतृत्व उपनिरीक्षक श्री प्रदीप ने किया। राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री राकेश कुमार ने किया। इसी प्रकार उपनिरीक्षक श्री दिलीप मुक्कड़ ने राजस्थान पुलिस महिला कालिका प्लाटून, पीसी श्री रणवीर सिंह हाडीरानी महिला प्लाटून, उप निरीक्षक श्री विकास ओजवानी ने होमगार्ड पुरूष प्लाटून, श्री सुभानन्द कुमार ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल स्काउट प्लाटून, फाल्गुनी शेरा ने हरिसुन्दर बालिका स्कूल गाइड की प्लाटून का, श्री धीरेन एवं सुश्री अर्पिता ने एमपीएस स्कूल चाचियावास ने तथा अन्वी बोयल ने हिन्दुस्तान स्काउट गाईड से नेतृत्व किया। 

राजस्थान पुलिस के बैंड ने श्री अशोक कुमार थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनंे प्रस्तुत की। हरिसुन्दर बालिका स्कूल बैण्ड का नेतृत्व रागिनी सामरिया, गुरूकुल स्कूल बैण्ड का नेतृत्व तुषार, एचकेएच स्कूल बैण्ड का वंश गुर्जर, सेन्ट स्टीफन बैण्ड का सरदीप, सेन्ट पॉल स्कूल बैण्ड का जतिन मिरानी एवं सोफिया स्कूल बैण्ड का नेतृत्व तान्या शर्मा ने किया। सेंट स्टीफन के विद्यार्थियों के द्वारा ड्रम्स कुल्स की प्रस्तुति दी गई।

*हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम*

राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कृष्णगंज के संयोजन में 210 से अधिक छात्राओं का सामुहिक नृत्य का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें गीत समुच्च पर शानदार प्रस्तुति दी गई। इसमें सावित्री राजकीय बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, ईस्ट पॉइन्ट, ख्वाजा मॉडल बालिक स्कूल, वृदंावन पब्लिक स्कूल, राजकीय मॉडल स्कूल, महाराजा अग्रसेन एवं एचकेएच की बालिकाओं ने भाग लिया। 

*किया व्यायाम प्रदर्शन*

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 504 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें सावित्री राजकीय बालिका विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपदडा, ईस्ट पॉइन्ट, राजकीय मॉडल स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीरशाहअली, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुलिस लाईन, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहाखान, कृष्ण गंज, पुरानी मण्डी, फॉयसागर, लॉरेन्स एण्ड मेयो, सेन्ट स्टीफन, महाराजा अग्रसेन एवं एचकेएच की बालिकाओं ने भाग लिया। 

*सेनानियों का हुआ सम्मान*

मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सैनानी श्री शोभाराम गहरवार एवं सैनानियों के परिजनों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती अनिता भदेल, श्री देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भडाणा, संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, दैनिक नवज्योति के प्रदान सम्पादक श्री दीनबन्धु चौधरी, श्रीमती सरिता गेना, श्री रमेश सोनी, श्री जीतमल प्रजापत, डॉ. अरविन्द गिरधर शर्मा सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *