Fri. Apr 17th, 2026
IMG_20260416_195817

 

अजमेर, 16 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि गरीब आदमी पूरे जीवन की कमाई लगा एक प्लॉट खरीदता है, कोई भू-माफिया अगर उसे परेशान करता है तो सख्ती से कार्यवाही करें। सख्त पुलिसिंग हो, यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीरता से प्रयास हों। नफरी बढ़ाई जाए और व्हाइट लाइन में ही वाहन ठेले खड़े हों।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को सर्किट हाउस में पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष अग्रवाला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु जांगिड़ सहित वृत्ताधिकारियों के साथ शहर की पुलिस व्यवस्था को लेकर बैठक ली। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं पर सख्ती की जाए। यह सुनिश्चित हो कि कोई भी भू-माफिया किसी भी व्यक्ति को परेशान ना करें। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि जयपुर की तर्ज पर अजमेर में भी यातायात के लिए नफरी बढ़ाई जाए। सभी प्रमुख चौराहों, बॉटल नैक, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा अन्य जगहों पर यातायात व्यवस्था दुरूस्त हो। व्हाइट लाइन के भीतर ही वाहन, ठेले, ग्राहकों के वाहन खड़े हों ताकि बेवजह रूकावट ना आए। जेएलएन अस्पताल के आसपास सहित सभी जगह यातायात सुधारें। ऋषि घाटी पर जाम के हालात रहते हैं। बारादरी में प्रवेश के लिए टिकट बेचने की व्यवस्था बारादरी के भीतर की तरफ हो। घाटों पर स्नान करने पर सख्ती से रोकथाम की जाए।

 

उन्होंने कहा कि शहर में सख्त पुलिसिंग की जाए। दरगाह के आसपास के क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की जानकारी आती रहती है। यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी घुसपैठिया ना बचे। विशेष रूप से बाहरी राज्यों अथवा अन्य देशों से अवैध रूप से आए व्यक्तियों की सूचना पर गंभीरता से जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

 

इसके अतिरिक्त यह भी निर्देशित किया गया है कि क्षेत्र में भिखारियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए, ऎसे व्यक्तियों की पहचान की जाए जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो सकते हैं और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए। पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध भी सख्ती से कार्रवाई करें।

 

इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक खुली रहने वाली थड़ियों, कैफे आदि पर असामाजिक तत्व भी जमा रहते हैं। लगातार पैट्रोलिंग कर ऎसे लोगों को डिटेन किया जाए, उन पर सख्ती हो। रेस्टोरेंट, होटल, हुक्काबार आदि पर निरंतर सर्च अभियान चलाया जाए। बदमाशों में भय रहना चाहिए और महिलाएं, बालिकाएं, बच्चे और आमजन निर्भय होकर घूमे। 

 

यातायात पुलिस लगातार पैट्रोलिंग करें एवं अतिक्रमण व यातायात अवरोध पर कार्रवाई करे। चौपाटी, गौरवपथ, रामप्रसाद घाट, बारादरी के बाहर एवं अन्य स्थानों पर यातायात व्यवस्था, पुलिसिंग को और अधिक सशक्त किया जाए। पुलिस भिखारियों की समस्या से भी सख्ती से निपटे। दरगाह, बजरंगढ़ एवं अन्य क्षेत्रों से इन्हें हटाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *