अजमेर, 16 मार्च। जिले में घरेलु गैस सिलेण्डरों के अवैध उपयोग पाए जाने पर विभिन्न स्थानों पर कार्यवाही करते हुए 19 गैस सिलेण्डर जब्त किए गए।
सोमवार को वर्तमान अन्राष्ट्रीय परिस्थितियो के दृष्टिगत जिले में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने एवं प्रभारी निगरानी के लिए जिला रसद अधिकारी प्रथम श्रीमती मोनिका जाखड़ के नेतृत्व में पुष्कर उपखण्ड के बूढ़ा पुष्कर रोड एवं लीला सेवड़ी क्षेत्र में विभिन्न होटल तथा ढ़ाबों से 14 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। इस दौरान वृत्ताधिकारी अजमेर ग्रामीण श्री रामचन्द्र चौधरी, थानाधिकारी पुष्कर श्री विक्रम राठौड़ मय पुलिस जाब्ता मौजूद रहे। अन्य होटल तथा ढ़ाबा संचालकों को भी घरेलू गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक उपयोग ना करने के लिए पाबंद किया गया। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 5 प्रकरण बनाए गए। जांच दल में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती सुनीता शर्मा तथा श्रीमती मीना डेचरवाल, प्रवर्तन निरीक्षक श्री महेन्द्र कुमार यादव एवं श्री राहुल वेदवाल सम्मिलित रहे।
इसी प्रकार जिला रसद अधिकारी द्वितीय श्री नीरज कुमार जैन के निर्देशन में गठित दल द्वारा भी पीसांगन क्षेत्र में कार्यवाही की गई। इस दल में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती रेणुका चतुर्वेदी, प्रवर्तन निरीक्षक श्री अतुल बडाया एवं श्री मुकेश बुगालिया शामिल थे। इनके द्वारा अर्जुनपुरा जागीर के जोधपुर मिष्ठान भण्डार से एक, नसीराबाद चौराहा मांगलियावास के जोधाणा स्वीट्स से 3 तथा राज स्वीट्स मांगलियावास से एक घरेलु गैस सिलेण्डर जब्त किया गया। यह एलपीजी आपुर्ति एवं वितरण विनिमय आदेश का उल्लंघन होने के कारण विधिक कार्यवाही आरम्भ की गई है।