Sun. Nov 1st, 2026
IMG_20251016_184437

 

 

अजमेर . 16 अक्टूबर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा-2023 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अजमेर जिले के ग्राम पंचायत कड़ैल निवासी श्री कुशल चौधरी को गुरुवार को राजकीय आवास पर आमंत्रित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्री देवनानी ने श्री कुशल चौधरी को पुष्प गुच्छ भेंट कर, शाल ओढ़ाकर, साफा पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। श्री देवनानी ने श्री कुशल को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। श्री देवनानी ने कहा कि श्री कुशल जैसे युवाओं की नई पीढ़ी प्रशासनिक सेवा में नई ऊर्जा. पारदर्शिता और जनसेवा की भावना लेकर प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

 

श्री देवनानी ने कहा कि श्री कुशल चौधरी ने अपने कठिन परिश्रम, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास से अपने परिवार व गांव के नाम को रोशन करने के साथ ही सम्पूर्ण अजमेर जिले और प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि श्री कुशल चौधरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्पष्ट है कि यदि लक्ष्य तय हो और उसके प्रति समर्पण अटूट हो तो ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी सफलता की ऊँचाइयों को छू सकते हैं।

 

श्री देवनानी ने कहा कि श्री कुशल चौधरी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, विशेष रूप से उन वि‌द्यार्थियों के लिए जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। श्री देवनानी ने कहा कि श्री कुशल चौधरी जैसे युवा राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक हैं। उनकी सफलता परिश्रम और अनुशासन की सच्ची कुंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *