Thu. Nov 26th, 2026
IMG_20261126_183925

 

 

अजमेर।  संविधान दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, अजमेर द्वारा राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर में ‘विकसित भारत युवा संवाद – संविधान दिवस विशेष संस्करण’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही। कार्यक्रम में यूथ आइकॉन सुश्री अनन्या टाक ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विकसित भारत@2047 के विजन, उद्यमिता, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तीकरण एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। 

                     पद्मश्री डॉ. माया टंडन डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं और अपने प्रेरणादायी जीवन सफर एवं सामाजिक सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने चिकित्सा, मानव सेवा एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अपने योगदान का उल्लेख करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता, प्राथमिक उपचार एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके अनुभवों ने युवाओं को सेवा, समर्पण एवं मानवीय संवेदनाओं के प्रति प्रेरित किया। 

                            इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रकृति त्रिवेदी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं सकारात्मक सोच ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्राओं को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत अजमेर श्री जयेश मीना ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई एवं भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रकृति त्रिवेदी एवं समस्त संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सभी छात्राओं ने नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। NSS समन्वयक डॉ. अमरजीत पूनिया के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं ने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। स्वयंसेविका गर्गी मिश्रा एवं पलक शर्मा ने मंच संचालन किया, जबकि ओजस्विनी, राजवती, निशा, रिमझिम एवं यशस्वी ने कार्यक्रम में सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर NSS समिति सदस्य डॉ. सीमा माहेश्वरी एवं सुनीता यादव का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *