अजमेर। दीपावली और सोमवती अमावस्या के बाद अजमेर शरीफ दरगाह और तीर्थनगरी पुष्कर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। दीपावली की छुट्टियों के चलते दरगाह क्षेत्र में करीब एक लाख जायरीन पहुंचे हैं, जिससे दरगाह का नजारा महाना छठी जैसा दिखाई दे रहा है। दरगाह बाजार, दिल्ली गेट, गंज, फव्वारा और आनासागर बारादरी तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और भीड़ है। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर जियारत के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। तीर्थनगरी पुष्कर में सोमवती अमावस्या और दीपावली के मौके पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आना हुआ है। जगतपिता ब्रह्मा मंदिर, पुष्कर सरोवर के घाटों और प्रमुख बाजारों में काफी रौनक है। दीपावली के दूसरे दिन से अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले को लेकर पशुपालकों और पर्यटकों की आवक भी शुरू हो गई है, जिससे होटलों और गेस्ट हाउसों में बुकिंग पूरी तरह फुल चल रही है।