अजमेर, 28 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हो रहे मतदान के दौरान जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बुधवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला भी उनके साथ रहे। अधिकारियों ने अरांई, कटसूरा, रलावता, पाटन, सुरसुरा, दादिया, बडल्या, घूघरा, बान्दर सिन्दरी एवं रूपनगढ़ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई पेयजल व्यवस्था एवं छाया की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी की जाए। इससे मतदाता सुगमता से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
जिला कलक्टर ने मतदान केंद्रों पर स्थापित वोटर असिस्टेंट डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मार्गदर्शन दिया जाए। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से मतदान करवाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदाता की पहचान का नियमानुसार सत्यापन करने के बाद ही उसे मतदान करने की अनुमति दी जाए। निर्वाचन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा शांतिपूर्ण मतदान के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला ने निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मतदान के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।