Thu. Oct 22nd, 2026
IMG_20261022_130457

अजमेर। अजमेर में रात के समय और सुबह गुलाबी सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। वहीं दिन में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को राज्य के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया, जबकि पश्चिमी राजस्थान में दिन का पारा 39 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदल सकता है। प्रदेश में रात की ठंडक लगातार बढ़ने लगी है। बुधवार को माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। अजमेर में रात का तापमान 18.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 18.4 डिग्री, अलवर में 17.6 डिग्री और टोंक में 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कई अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर शाम मौसम सुहावना होने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले बदलाव से सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है। एक ओर प्रदेश के कई शहरों में रातें ठंडी होने लगी हैं, तो दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में दिन का तापमान अब भी ऊंचा बना हुआ है। बुधवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में पारा 38.5 डिग्री तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू जिलों में कहीं-कहीं आंधी और बारिश हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *