अजमेर। अजमेर नगर निगम की दशहरा और गरबा समितियों के गठन और बैठक में हुए। विवाद के चलते कांग्रेस पार्षदों ने निगम के आयोजनों (गरबा और रावण दहन) का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। अजमेर नगर निगम में दशहरा महोत्सव, गरबा और रामलीला की तैयारियों के लिए बैठक हुई थी। इसमें 5 कमेटियों में से 4 में भाजपा पार्षदों को और केवल 1 में कांग्रेस पार्षद को शामिल किए जाने पर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई और बराबर प्रतिनिधित्व की मांग की। बैठक के दौरान भाजपा पार्षद सतीश बंसल पर महिला पार्षदों से अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्षद गंज थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस पार्षदों ने मांग की है कि जब तक संबंधित पार्षद माफी नहीं मांगते और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, वे नगर निगम के सभी आयोजनों (गरबा व रावण दहन) का बहिष्कार करेंगे तथा अपना अलग रावण दहन करने का ऐलान भी किया है। महापौर अनामिका शर्मा का कहना है कि बैठक में सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया गया था, लेकिन कांग्रेस पार्षद बिना बात सुने ही बैठक से बाहर चले गए थे।