अजमेर। अजमेर शहर के गुलाबबाड़ी क्षेत्र में श्रद्धालु बनकर मंदिर में चोरी करने का एक ताजा मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार सुबह गुलाबबाड़ी स्थित नया घर बालाजी मंदिर में हुई। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। चोर अपनी पीठ पर बैग टांगे हुए एक आम श्रद्धालु की तरह मंदिर में दाखिल हुआ। उसने पहले भगवान के दर्शन किए। और जैसे ही उसे मौका मिला। उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ने मंदिर से तांबे के पूजा के बर्तन और ₹16,000 की नकदी अपने बैग में भरी और फरार हो गया। इस घटना के बाद से गुलाबबाड़ी क्षेत्र के पंचमुखी शिव मंदिर और बालाजी मंदिर के आसपास के स्थानीय निवासियों में लगातार हो रही चोरियों को लेकर काफी गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को संदिग्धों की जानकारी देने के बाद भी उचित कार्रवाई नहीं हो रही है।