अजमेर। मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर तेज हो गया है। रविवार को पिलानी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री तक अधिक रहा। जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और बाड़मेर में दिनभर तेज गर्मी का असर बना रहा।
रविवार को श्रीगंगानगर में 40.6, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1, जैसलमेर में 39.7, बाड़मेर में 39.1, जोधपुर में 38.7, टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 तथा फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। पूर्वी राजस्थान के अलवर, टोंक, जयपुर, सीकर और करौली सहित कई जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा के आसपास बने प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के कारण सतही स्तर पर गर्म हवा का प्रवाह बना हुआ है। पश्चिमी जिलों में जहां दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा, वहां गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को अक्टूबर में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि रात के तापमान में कई इलाकों में गिरावट शुरू हो गई है। उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा सहित दक्षिणी एवं पूर्वी हिस्सों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। रविवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां देर शाम से सुबह तक गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने तथा अधिकांश क्षेत्रों में धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।