अजमेर। दुबई से तेल अवीव जा रही FlyDubai की फ्लाइट (FZ1073) के कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई। हिंसक झड़प और कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की घटना सामने आई है। जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ1073 दुबई से तेल अवीव (इजरायल) के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान से आपातकालीन कोड जारी किया गया। जिसके बाद इजरायल में सुरक्षा तंत्र को अलर्ट पर रखा गया। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच गंभीर विवाद और विमान के नियंत्रण को लेकर असामान्य स्थिति उत्पन्न होने का दावा किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रू और कुछ यात्रियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की, जिसमें शारीरिक संघर्ष की बात सामने आई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि अभी की जानी बाकी है। स्थिति को संभालते हुए विमान का मार्ग बदला गया और उसने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। एयरलाइन और संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।