अजमेर। अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में एक क्षतिग्रस्त (डैमेज) कार से उत्तर प्रदेश के एक टैक्सी ड्राइवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान श्रीकांत तिवारी (47 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र नारायण, निवासी – राणा नगर, दिव्यापुर, जिला औरैया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मृतक एक टैक्सी चालक था और बुकिंग पर सवारियां लेकर राजस्थान आया था। सोमवार को एक डैमेज (क्षतिग्रस्त) कार के भीतर उसकी लाश मिली। उसके गले और शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। गेगल थाना पुलिस ने कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों का पता लगाकर उन्हें इस घटना की सूचना दी। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह मामला किसी सड़क हादसे का है या फिर हत्या का।