अजमेर। अजमेर में नगर निकाय चुनाव के नामांकन को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 31 अगस्त को सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।
कचहरी रोड, रामसेतु, आगरा गेट सहित प्रमुख मार्गों पर नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों के वाहनों की निर्धारित स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। वहीं जवाहर रंगमंच, जयपुर रोड, पुष्कर-नागौर रोड समेत कई मार्गों पर वाहनों के रूट में आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार अजमेर क्लब से ख्वाजा मॉडल स्कूल तक इमरजेंसी वाहनों और राजनीतिक प्रत्याशियों के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
नामांकन के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों और लगाए गए डायवर्जन का पालन करने की अपील की गई है।