अजमेर। जयपुर के जगतपुरा इलाके में 19 जून 2026 को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के गुजरने से पहले रास्ता खाली कराते समय पुलिस ने मोमोज बेचने वाली रेशु गुप्ता (27) का ठेला पलट दिया। इससे उबलता हुआ गर्म पानी युवती पर गिर गया था। जिससे उसकी छाती और शरीर का आधा हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। रेशु गुप्ता (उर्फ खुशबू) प्रताप नगर स्थित व्यास अपार्टमेंट में अपनी मां और बहनों के साथ रहती हैं। वर्ष 2020 में पिता के निधन के बाद से वे मोमोज का ठेला लगाकर घर चला रही थीं। वीआईपी मूवमेंट के लिए रास्ता क्लियर कराने की जल्दी में पुलिसकर्मियों ने ठेला हटाने को कहा। पीड़िता द्वारा थोड़ा समय मांगने पर पुलिस ने कथित तौर पर ठेला पलट दिया था। घटना को लेकर 22 जून 2026 को पीड़िता की बहन ने रामनगरिया थाने में पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरोपी ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल नरेंद्र को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही राज्य सरकार ने पीड़िता का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर कराने और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।