Sun. Apr 19th, 2026
IMG_20260411_201515

 

 

अजमेर, 11 अप्रैल। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले के विचार आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही समतामूलक एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने शनिवार शाम को ज्योतिबा फुले सर्किल पर पहुंचकर महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए जो संघर्ष किया, वह भारतीय समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए ऎतिहासिक कार्य किए, जिन्हें सदैव स्मरण रखा जाएगा।

 

देवनानी ने कहा कि आज समाज को महात्मा फुले के विचारों को अपनाकर शिक्षा, सामाजिक समरसता और समान अवसरों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित और जागरूक समाज ही राष्ट्र को आगे बढ़ा सकता है। यही विचार आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलने तथा समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया। 

 

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के आदर्शों को अपनाकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, समान अवसर और भाईचारे की भावना को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। महात्मा फुले के सिद्धांत हमें यह सिखाते हैं कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।

 

इस अवसर पर पदाधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *